home page

महाराष्ट्र : अमरावती में बेटे ने की मां की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के नवसारी रिंग रोड स्थित गजानन प्लाजा अपार्टमेंट में मामूली विवाद के बाद बेटे द्वारा अपनी मां की हत्या करने का मामला सामने आया है। गाडगेनगर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुषार सतीश कानफड़े के रूप में हुई है। तुषार पुणे की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और घर से ही काम कर रहा था।

बताया जा रहा है कि तुषार और उसकी मां रंजना सतीश कानफड़े (65) के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर तुषार ने अपनी मां का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद वह मां के शव के पास ही बैठा रहा।

पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी तुषार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव