home page

कुछ विदेशी ताकतें भारत की प्रगति रोकना चाहती हैं : अमित साटम

 | 

मुंबई, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुंबई प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम ने गुरुवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों पर कहा कि कुछ विदेशी ताकतें भारत की प्रगति को रोकने का षड्यंत्र कर रही हैं। उन्होंने छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे फेक नैरेटिव का हिस्सा न बनें और किसी भी भ्रामक प्रचार से सावधान रहें।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में साटम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है और देश में कई क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं। साटम ने कहा कि भारत की प्रगति को रोकने के उद्देश्य से इस तरह के आंदोलनों का इस्तेमाल किया जा रहा है

अमित साटम ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार ने त्वरित कार्रवाई की। परीक्षा रद्द करने, जांच सीबीआई को सौंपने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने जैसे कदम उठाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साटम ने शिक्षा क्षेत्र में केंद्र सरकार के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय शिक्षा बजट 8,225 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1.39 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं।

साटम ने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे मुद्दों पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने 2004 से 2014 के बीच विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल किया कि उस समय कितने मंत्रियों ने इस्तीफा दिया, कितने मामले दर्ज हुए और कितने आरोपितों की गिरफ्तारी हुई।

अमित साटम ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शनों के पीछे जियो-पॉलिटिक्स और विदेशी फंडिंग से जुड़े मुद्दे भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की प्रगति, भाजपा-एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री मोदी को रोकने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साजिश रची जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को जनता ने चुनावों में नकार दिया है, इसलिए अब नए चेहरों के माध्यम से राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विदेशों में रहकर कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य लोग भारत के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन, प्रदेश मीडिया प्रमुख गोविंद येतयेकर, मुंबई भाजपा महासचिव एवं सिद्धिविनायक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष पवन त्रिपाठी, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख ओमप्रकाश चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव