home page

अमरावती के परतवाड़ा अश्लील वीडियो कांड मामले में किराए का फ्लैट सील

 | 

मुंबई, 17 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा अश्लील वीडियो कांड मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल ने शुक्रवार को कथोरा नाका इलाके में स्थित एक फ्लैट को सील कर दिया है। अब तक छानबीन में पता चला है कि इसी फ्लैट में अश्लील वीडियो बनाया जा रहा था।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपित मानव सुगंदे ने यह फ्लैट खुद किराए पर लिया था। लेकिन इस फ्लैट का उपयोग मुख्य आरोपित अयान अहमद करता था। इसकी एवज में अयान अहमद घंटे के हिसाब से मानव सुगंदे को पैसे देता था। इसी फ्लैट में अयान महिलाओं और लड़कियों को फुसलाकर कर लाता था और उनका अश्लील वीडियो बनाता था। इसके साथ ही आरोपित मानव सुगंदे भी इस फ्लैट में महिलाओं और लड़कियों का अश्लील वीडियो बनाता था।

जांच में यह बात सामने आने के बाद आज पुलिस ने इस फ्लैट को सील कर दिया है और फ्लैट के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच में यह भी पता चला है कि इस मामले के आरोपित सोशल मीडिया के माध्यम से लड़कियों और महिलाओं को संपर्क करते थे और उन्हें प्यार के जाल में फंसाते थे। इस मामले में कुछ पुलिस कर्मियों के नाम इन आरोपितों को सहयोग करने के रुप में सामने आए है।

इन पुलिसकर्मियों से आईपीएस अधिकारी शुभम कुमार खुद पूछताछ करने वाले हैं। इस मामले में अब तक ८ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, इन सबकी छानबीन जारी है। अमरावती पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने कहा है कि इस मामले में किसी भी आरोपित को बक्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव