अमरावती अश्लील वीडियो मामले में चार और आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 16 अप्रैल (हि.स.)। अमरावती जिले के परतवाड़ा में यौन शोषण और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में गुरुवार को पुलिस ने चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, मामले की छानबीन जारी है।
अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने आज पत्रकारों को बताया कि आज पुलिस ने मानव दीपक सुगंधे (20), ऐफ़ाज़ खान मंज़ूर खान (26), मोहम्मद इमरान मोहम्मद साजिद (21) और शेख नावेद शेख हसन (21) को भी गिरफ्तार किया है, तीनों अचलपुर के रहने वाले हैं, जिन पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पाने और उन्हें शेयर करने का आरोप है।
विशाल आनंद ने बताया कि टेक्निकल जांच के आधार पर, फ़ोटो और वीडियो शेयर करने वाले आरोपितों में से एक ऐफ़ाज़ के घर की तलाशी के दौरान एक लैपटॉप, टैब और हार्ड डिस्क ज़ब्त की गई। विशाल आनंद ने यह भी कहा कि इस मामले में अभी तककोई भी पीडि़त लडक़ी या उनके माता-पिता फॉर्मल शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहली गिरफ्तारी 19 साल के मुख्य आरोपी अयान अहमद की हुई थी। इसके बाद, पुलिस ने कल सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो और तस्वीरें सर्कुलेट करने के आरोप में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया था। इस तरह इस मामले में अब तक कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की जांच के लिए असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस शुभम कुमार के नेतृत्व में जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

