home page

सभी सरकारी विश्वविद्यालयों में एक जैसा एकेडमिक कैलेंडर लागू होगा : चंद्रकांत पाटिल

 | 

मुंबई, 11 अगस्त, (हि.स.। महाराष्ट्र के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने मंगलवार को कहा कि राज्य के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों को एक समान एकेडमिक कैलेंडर लागू किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालयों से 2026-27 और 2027-28 शैक्षणिक सत्रों से शुरू होने वाले चार वर्षीय ऑनर्स डिग्री कार्यक्रम के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार करने को भी कहा है।

मुंबई में विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ आज हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री पाटिल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए राज्य के विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को एकरूप बनाना और प्रशासनिक बिखराव को दूर करना जरूरी है। उन्होंने सभी सरकारी विश्वविद्यालयों को एक सप्ताह के भीतर समान एकेडमिक कैलेंडर तैयार कर लागू करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इससे पाठ्यक्रमों में एकरूपता आएगी और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के कार्यभार संबंधी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने विश्वविद्यालयों को व्यवस्थित कॉलेज क्लस्टर बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि विभिन्न संस्थानों के बीच संसाधनों का बेहतर उपयोग और साझा किया जा सके। इन क्लस्टरों के माध्यम से कॉलेजों के बुनियादी ढांचे, फैकल्टी, पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं का साझा उपयोग किया जाएगा। विश्वविद्यालयों को प्रत्येक क्लस्टर के लिए व्यापक पाठ्यक्रम तैयार करने और हर महीने कम से कम एक संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।

छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंत्री ने कुलपतियों और प्रति-कुलपतियों को प्रत्येक सप्ताह कम से कम 50 छात्रों से सीधे संवाद करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को छात्रों की शैक्षणिक शिकायतों के समाधान के बाद की गई कार्रवाई की रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपनी होगी। परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए भी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मंत्री ने विभाग को केंद्रीय दिशानिर्देशों के आधार पर एक केंद्रीकृत मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने और जारी करने का निर्देश दिया। इसमें पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों और प्रशासन की जवाबदेही स्पष्ट रूप से तय की जाएगी। इसके अलावा, राज्य सरकार ने परीक्षा नियंत्रकों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव