home page

मुंबई में पति-पत्नी के विवाद के दौरान नौ माह के बच्चे को स्काईवॉक से नीचे फेंका, पिता गिरफ्तार

 | 

- गंभीर रूप से घायल बच्चे का सायन अस्पताल में चल रहा इलाज

मुंबई, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के घाटकोपर रेलवे स्टेशन के पास पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान पिता ने कथित तौर पर अपने नौ माह के बच्चे को स्काईवॉक से नीचे फेंक दिया। ऊंचाई से गिरने के कारण बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घाटकोपर पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि रविवार रात आरती जफर शेख अपने नौ माह के बेटे आरव के साथ घाटकोपर रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्काईवॉक पर खड़ी थीं। इसी दौरान उनके पति जफर शेख वहां पहुंचे और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जफर ने आरती के साथ गाली-गलौज की और गुस्से में आकर बच्चे को स्काईवॉक से नीचे फेंक दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग बच्चे की मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे का उपचार जारी है।

घाटकोपर पुलिस ने आरती की शिकायत के आधार पर जफर शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव