मंत्री नरहरि झिरवल के वीडियो की जांच के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा : मुख्यमंत्री
मुंबई, 27 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि मंत्री नरहरि झिरवल के विरुद्ध सोशल मीडिया में पोस्ट किए गए वीडियो की जांच के बाद सत्यता आने पर कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आज कहा कि सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद आज नरहरि झिरवल ने उन्हें फोन पर कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। झिरवल ने कहा है कि यह वीडियो कई वीडियो को मिलाकर बनाया गया है। इसलिए वीडियो किसने बनाया, इसकी जांच कर सच्चाई जनता के समक्ष आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बाद उन्होंने नरहरि झिरवल को इस मामले की शिकायत पुलिस के समक्ष करने के लिए कहा है। शिकायत के बाद इस वीडियो के बारे में विस्तृत जांच की जाएगी। जांच में जो भी सामने आएगा, उस पर मैं और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार साथ में मिलकर निर्णय लेंगे।
शिवसेना शिंदे समूह की प्रवक्ता साईना एन. सी.ने पत्रकारों को बताया कि मंत्री नरहरि झिरवल का वीडियो बहुत ही वीभत्स है। इसका राज्य की जनता पर विपरीत परिणाम पड़ रहा है। इसलिए मंत्री नरहरि झिरवल को तत्काल नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिलहाल इस विषय पर हो रही चर्चाओं और झिरवल के इस्तीफे की मांग को पूर्णविराम लगा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

