home page

नासिक में ट्रक सहित 25 लाख रुपये के गैस सिलेंडर बरामद, सात पर मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 17 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिला सप्लाई डिपार्टमेंट ने नासिक में सातपुर रोड पर स्थित नाइस कॉम्प्लेक्स इलाके में बीती रात छापा मारकर गैस सिलेंडर सहित 25 लाख रुपये का सामान ज़ब्त किया है। इस मामले में मंगलवार को सातपुर पुलिस स्टेशन में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

नासिक जिला सप्लाई ऑफिसर रमेश गायकवाड़ ने बताया कि सोमवार को उनकी टीम को सातपुर रोड पर नाइस कॉम्प्लेक्स इलाके में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी किए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर उनकी टीम ने सातपुर पुलिस स्टेशन के साथ बीती रात नाइस कॉम्प्लेक्स इलाके में छापा मारा।

इस कार्रवाई में कुल 447 सिलेंडर, 158 भरे हुए और 289 खाली, ज़ब्त किए गए। इसके अलावा, दो छोटे टेंपो और एक बड़ा ट्रक भी ज़ब्त किया गया। ज़ब्त किए गए सभी सामानों की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की छानबीन जारी है। हालांकि संबंधित एजेंसी के ड्राइवर ने दावा किया है कि वह ब्लैक मार्केट नहीं कर रहा है, बल्कि सिलेंडरों को गोदाम तक पहुंचा रहा था। सातपुर पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की हर ऐंगल से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव