home page

10 साल के बेटे को समुद्र में डुबोने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 31 जुलाई, (हि.स.)। मुंबई के गोराई इलाके में पत्नी से हुए विवाद के बाद कथित तौर पर उसे सबक सिखाने के लिए अपने ही 10 वर्षीय बेटे को समुद्र में डुबोकर मार डालने वाले आरोपित बंटी कालिदास राव (40) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की छानबीन गोराई पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में आरोपित बंटी राव जुहू चौपाटी पर पर्यटकों की तस्वीरें खींचने का काम करता था। वह अपनी पत्नी, 18 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे युवराज के साथ मामाड के मढ़ इलाके में रहता था। परिवार में पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीती 27 जुलाई को पति-पत्नी के बीच एक और झगड़े के बाद बंटी अपने बेटे युवराज को साथ लेकर घर से निकल गया। देर रात तक दोनों के वापस नहीं लौटने और संपर्क नहीं होने पर उसकी पत्नी ने मालवणी पुलिस स्टेशन में इन दोनों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

अगले दिन गोराई पुलिस को कोलेवेम बीच पर एक बच्चे का शव मिला। गुमशुदगी की शिकायत से मिलान करने पर शव की पहचान 10 वर्षीय युवराज के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने बंटी राव की तलाशी शुरु की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बंटी राव को वर्सोवा इलाके में बहन के घर में छिपा है। पुलिस ने इस जानकारी के बाद बंटी राव को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरु की। इसके बाद बंटी राव ने पुलिस को बताया कि पत्नी से विवाद के बाद उसे सबक सिखाने के इरादे से उसने बेटे को समुद्र में डुबो कर मार दिया। इसके बाद पुलिस ने बंटी राव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव