वर्धा में युवती से दुष्कर्म के आराेप में बुजुर्ग गिरफ्तार
मुंबई, 08 मार्च (हि.स.)। महारष्ट्र के वर्धा जिले में एक युवती को नौकरी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक बुजुर्ग काे गिरफ्तार किया है। पुलगांव पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान दिवाकर गामे (78) के रुप में की गई है। आरोपित के विरुद्ध पुलगांव पुलिस स्टेशन में पाॅक्सो एक्ट और दूसरी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने 2022 में नौकरी दिलाने का लालच दिया। इसके बाद वह उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था, लेकिन तीन दिन पहले आरोपित ने युवती के मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजा था, जिससे पीडि़ता मानसिक रुप से परेशान हो गई थी और शनिवार को पुलगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने बीती रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित का मोबाइल भी बरामद कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

