पुणे में 20 साल से फरार दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 02 अगस्त (हि.स.)। मुंबई पुलिस ने पुणे की चाकन झोपड़पट्टी में बीती रात छापा मारकर दुष्कर्म और अपहरण के एक मामले में करीब 20 वर्षों से फरार चल रहे 42 वर्षीय आरोपित संतोष भिकन यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान बदलकर अलग-अलग शहरों में रह रहा था। इस मामले की गहन छानबीन विनोवा भावे नगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमित ताड ने रविवार को बताया कि वर्ष 2007 में आरोपित के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसे उसी वर्ष गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में अदालत से जमानत मिलने के बाद वह पेश नहीं हुआ और फरार हो गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित ने अपनी पहचान बदल ली थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न शहरों में अलग-अलग काम करते हुए रह रहा था। इसी कारण उसे पकडऩा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
विनोबा भावे नगर पुलिस की सर्विलांस टीम ने फरार आरोपित की तलाश दोबारा शुरू की और आरोपित के पुणे के चाकन में स्थित झोपड़पट्टी में छिपे होने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी के आधार पर पुलिस सब-इंस्पेक्टर महादेव भिसे के नेतृत्व में पुलिसकर्मी बाबा राठौड़, हेड कॉन्स्टेबल अव्हाड, पुलिस नाइक प्रभाकर देवकर और कॉन्स्टेबल अमर पाटिल ने साउथ चाकन पुलिस की सहायता से चाकन क्षेत्र की एक झुग्गी बस्ती में छापेमारी कर संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद आरोपित को मुंबई लाया जाएगा और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

