संभाजी नगर में निजी बस कंटेनर से टकराई, एक की मौत, 10 यात्री घायल
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। संभाजी नगर जिले के वैजापुर मेंसमृद्धि हाईवे पर पिंपलगांव शिवरा के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रेवल्स बस और कंटेनर के बीच हुई टक्कर में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही वैजापुर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मृतक यात्री का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की छानबीन वैजापुर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि निजी बस वैजापुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस पिंपलगांव शिवरा के पास पहुंची अचानक बस अनियंत्रित होकर सामने से जा रहे कंटेनर से टकरा गई। इस घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक यात्री की पहचान हेमंत हरिश्चंद्र दाभाड़े (65), निवासी वैजापुर के रूप में हुई है। इस घटना में १० यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला उप अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दुर्घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

