अमरावती में कार पेड़ से टकराई, तीन की मौत
मुंबई, 28 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में वरुड-मोर्शी हाइवे पर खडका फाटा के पास मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गए। इस घटना की छानबीन बेनोडा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि नागपुर के कामठी खैरी इलाके की विनायक कॉलोनी में रहने वाला नांदे परिवार के चार लोग एक शादी में जा रहे थे । जब उनकी कार वरुड-मोर्शी हाइवे पर एक मोड़ के पास आई, तो ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और कार सीधे सडक़ किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस घटना में समाधान किसनराव नांदे (62), किरण गोपाल नांदे (28) और दीया गोपाल नांदे (3) की मौत हो गई। जबकि कार चला रहे गोपाल समाधान नांदे (34) गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है। इस घटना की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

