home page

यवतमाल में दो वाहनों की टक्कर में तीन की मौत

 | 

मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में दारव्हा-अरणी मार्ग पर साईखेड़ा के पास मंगलवार शाम को एक एसटी बस और एक दोपहिया वाहन के बीच हुई टक्कर में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना की छानबीन दारव्हा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान किशोर रामराव चव्हाण (33), दीपक रामराव चव्हाण (28) और पवन लक्ष्मण पवार (15) के रूप में की गई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार तीनों मोटर साईकिल से आज शाम को साईखेड़ा इलाके से गुजर रहे थे। अचानक पीछे से एसटी बस ने इनकी मोटर साईकिल को जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही दारव्हा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाने के साथ ही दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किसकी लापरवाही थी, इस बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव