छत्रपति संभाजीनगर में समृद्धि हाइवे पर कार-ट्रक की टक्कर में तीन की मौत
मुंबई, 27 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में समृद्धि हाइवे पर शनिवार रात एक कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि बीती रात पुणे स्थित मुलसी के रहने वाले प्रतीक रामकिसन जगदाले अपनी पत्नी और बेटे के साथ कार से जालना की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार समृद्धि महामार्ग के नागपुर कॉरिडोर में चैनल नंबर 449 के पास पहुंची। इसी दौरान चालक का कार पर नियंत्रण खो गया और कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग गाड़ी में फंस गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही समृद्धि महामार्ग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कार की छत काटकर तीनों को बाहर निकाला गया। इस घटना में मृतकों की पहचान प्रतीक रामकिसन जगदाले (35) उनकी पत्नी श्रेया राजेंद्र पांडे (32) और बेटे रुद्रांश प्रतीक जगदाले (7) के रूप में हुई है। इस घटना की छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

