संभाजीनगर में ट्रक-मोटरसाइकिल की टक्कर में एसएसबी जवान समेत दो की मौत
मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में नासिक-छत्रपति संभाजीनगर हाइवे पर नंदगांव शिवार इलाके में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान और उनके साथी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की छानबीन संभाजीनगर पुलिस कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिहार में तैनात एसएसबी जवान सोमनाथ गोरखनाथ जाधव छुट्टी पर अपने मूलगांव आए थे। छुट्टी बीतने के बाद आज सुबह सोमनाथ अपने साथी हीरामन माली के साथ बिहार जाने के लिए मोटरसाइकिल से मनमाड स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नंदगांव शिवार इलाके में हाइवे के एक खतरनाक मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज
दिया । पुलिस ने जवान की मौत की सूचना बिहार स्थित संबंधित यूनिट को भी दी है। इस मामले की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

