home page

अकोला में दो मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, मलबे में दबीं चार लड़कियों को सुरक्षित निकाला

 | 

मुंबई, 11 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के अकोला शहर के राजपूतपुरा इलाके में रविवार सुबह एक दो मंजिला इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक ढहने से हड़कंप मच गया। हादसे के दौरान मलबे में चार लड़कियां दब गईं, जिन्हें दमकल विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, राजपूतपुरा इलाके में नगर निगम के मोटर व्हीकल विभाग के पीछे प्रकाश यादव की दो मंजिला इमारत स्थित है। इस इमारत में प्रमोद मोहनलाल पांडे अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार सुबह करीब 6 बजे पांडे रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।

हादसे में मानसी, मानवी, सांची और तृप्ति मलबे में दब गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर चारों लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की जानकारी मिलने पर सांसद अनूप धोत्रे और नगर निगम के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। मलबा हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली जा रही है। वहीं, अकोला शहर पुलिस स्टेशन की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव