home page

ठाणे में प्रस्तावित एआई डेटा सेंटर पर आदित्य ठाकरे ने उठाए सवाल, फडणवीस को लिखा पत्र

 | 

मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने शनिवार को ठाणे के रिहायशी इलाके में प्रस्तावित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) डेटा सेंटर को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है।

आदित्य ठाकरे ने परियोजना के लिए चुनी गई जगह पर सवाल उठाते हुए बिजली की खपत, शोर, गर्मी और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने सवाल किया कि इस डेटा सेंटर को महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के किसी औद्योगिक क्षेत्र में क्यों नहीं स्थापित किया जा सकता?

शिवसेना यूबीटी विधायक आदित्य ने मीडिया को बताया कि यह प्रोजेक्ट स्थानीय निवासियों पर थोपा जा रहा है। उनके मुताबिक, नागरिकों के विरोध-प्रदर्शन और कई चिंताएं सामने रखने के बावजूद अब तक उनके सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि परियोजना के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन में उन्होंने भी हिस्सा लिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की समीक्षा के लिए एक समिति गठित की थी। हालांकि, उन्होंने समिति की संरचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके प्रमुख को छोडक़र लगभग सभी सदस्य प्रशासन के पदेन सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों की चिंताओं पर निष्पक्ष विचार सुनिश्चित करने के लिए समिति की भूमिका और संरचना पर स्पष्टता जरूरी है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में आदित्य ने परियोजना के लिए जमीन के चयन और संबंधित नीतिगत फैसलों पर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने पूछा कि किन अनुमतियों और योजना संबंधी निर्णयों के आधार पर रिहायशी इलाके में डेटा सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव आगे बढ़ाया गया।

उन्होंने सरकार से परियोजना की जगह की समीक्षा करने और इसे किसी उपयुक्त औद्योगिक क्षेत्र में स्थानांतरित करने की संभावना पर विचार करने की मांग की है। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या प्रशासन स्थानीय नागरिकों की चिंताओं को महत्व देगा या बिल्डरों के हितों को प्राथमिकता देगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव