home page

महाराष्ट्र में 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में नकल करवाने वाले 81 शिक्षक निलंबित

 | 

मुंबई, 09 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल ने सोमवार को 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में नकल करवाने वाले 81 शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।

शिक्षण मंडल के अनुसार राज्य में इस समय शिक्षण मंडल की ओर से दसवीं और बारहवीं की परीक्षा चल रही है। इस परीक्षा के दौरान बीड जिले के चौसाला में आट्र्स एंड साइंस जूनियर कॉलेज के सेंटर नंबर 224 में 10 फरवरी को नकल करवाने का खुलासा हुआ था। प्रशासन ने यहां 17 शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया है। छत्रपति संभाजीनगर जिले के कन्नड़ तहसील में नेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल जैतापुर के सेंटर नंबर 0079 पर नकल करवाने वाले 24 शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया और 21 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

इसके साथ ही जालना जिले के मंथा तहसील में एक-दो सेंटर पर स्टूडेंट्स इंग्लिश सब्जेक्ट का पेपर नकल करते पाए गए थे। उनके खिलाफ नियमों के मुताबिक एक्शन लिया गया है और सुपरवाइजऱ बनाए गए 5 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। गढ़चिरौली के एक सेंटर पर पॉलिटिकल साइंस के माइक्रोनोट्स और चैट करके बड़े पैमाने पर नकल हो रही थी। इस मामले में चार शिक्षकों पर मामला दर्ज किया गया है और चारों को निलंबित कर दिया गया है। इस तरह की सख्त कार्रवाई राज्य के अन्य स्कूलों और कालेजों में की गई है और कुल ८१ शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव