home page

पालघर में अस्पतालकर्मी से मारपीट मामले में शिवसेना शिंदे समूह के जिला अध्यक्ष समेत 7 पदाधिकारी निलंबित

 | 

मुंबई, 08 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिला स्थित रिलीफ अस्पताल में एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले सात पदाधिकारियों को शिवसेना शिंदे समूह ने मंगलवार को पार्टी से निलंबित कर दिया है। शिवसेना शिंदे समूह ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिवसेना शिंदे समूह के एक पदाधिकारी ने बताया कि पालघर जिले में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान दही हांडी उत्सव मनाते हुए कई गोविंदा घायल हुए थे। इन सभी का इलाज पालघर के रिलीफ अस्पताल में हो रहा था। इसी दौरान शिंदे समूह के कार्यकर्ता अस्पताल में घुस गए थे और अस्पतालकर्मी से मारपीट की थी।

इस घटना पर शिवसेना शिंदे समूह के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कड़ी नाराजगी जताई थी और मारपीट करने वाले कायकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद पार्टी की अनुशासन समिति ने इन सभी सात कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने की सिफारिश की थी।

इसी सिफारिश के आधार पर आज शिवसेना शिंदे समूह ने कुंदन बालकृष्ण सांखे (जिला अध्यक्ष), राहुल रामदास घरत (शहर अध्यक्ष), मनीष उर्फ विक्की सांखे (उप तालुका अध्यक्ष), साईराज पाटिल (युवा सेना जिला अध्यक्ष), रोहित गावित(युवा सेना उप तालुका अध्यक्ष), राहुल सांखे (उप तालुका अध्यक्ष) और ऋषभ वारे (युवा सेना विधानसभा अध्यक्ष) को पार्टी से निलंबित कर दिया है । पार्टी की ओर से की गई यह कार्रवाई कथित अस्पताल हंगामे के मामले में अनुशासनात्मक कदम के तौर पर देखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव