मराठवाड़ा में आकाशीय बिजली से पांच लोगों की मौत
मुंबई, 18 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में लंबे सूखे के बाद हुई अच्छी बारिश के दौरान ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरने से एक दंपति समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। जिला प्रशासन की टीम ग्रामीण इलाकों का शुक्रवार को सर्वेक्षण कर रही है।
छत्रपति संभाजीनगर जिला विभागीय आयुक्त ने शुक्रवार को बताया कि मराठवाड़ा के पांच जिलों के 31 राजस्व मंडलों में गुरुवार को एक दिन में 65 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 126 मिमी बारिश परभणी जिले के जरी राजस्व मंडल में दर्ज हुई। इसके बाद बीड जिले के परली तहसील के सिरसाला में 112.5 मिमी और परभणी के पेडगांव में 111.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
छत्रपति संभाजीनगर जिले की कन्नड़ तहसील के वाहुलखेड़ा गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन लोगों पर बिजली गिर गई। हादसे में हमीदा सैयद, तस्लीम सैयद और अल्मीरा सैयद की मौत हो गई। हाफिज सैयद, अनीसा सैयद और फर्जाना सैयद घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। एक अन्य घटना सिलोद तहसील के दहीगांव में हुई। यहां भारी बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में ठहरे किसान मनोहर दुधे और उनकी पत्नी पर्वताबाई पर बिजली गिर गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनका बेटा पंढरीनाथ दुधे घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। लंबे सूखे के बाद गुरुवार को मराठवाड़ा के सभी आठ जिलों में बारिश हुई। जिलों में औसत बारिश 5.4 मिमी से 41.8 मिमी के बीच दर्ज की गई।
मानसून सीजन में मराठवाड़ा में औसत अनुमानित बारिश 679.5 मिमी है। अब तक क्षेत्र में 423.3 मिमी बारिश हुई है, जो अनुमानित बारिश का 62.3 प्रतिशत है। इस तरह क्षेत्र में अब भी 37.7 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है। बीड, लातूर, नांदेड, परभणी और हिंगोली जिलों के 31 राजस्व मंडलों में गुरुवार को 65 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

