गोंदिया जिले के गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज में 45 छात्र फूड प्वाइजनिंग से बीमार
मुंबई, 26 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज में गुरुवार काे 45 छात्र फूड प्वाइजनिंग से बीमार हो गए। इन सभी को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। नर्सिंग कालेज के कैंटिन में खाने-पीने के सैंपल लेकर पुलिस ने प्रयोगशाला में टेस्टिंग के लिए भेज दिया है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोंदिया के डिस्ट्रिक्ट जनरल हॉस्पिटल के तहत आने वाले बाई गंगाबाई महिला हॉस्पिटल के कैंपस में एक गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज है। यहां हॉस्टल में कुल 185 स्टूडेंट्स रह रहे हैं और नर्सिंग की ट्रेनिंग ले रहे हैं। इन सभी स्टूडेंट्स को कॉलेज कैंटीन से खाना और नाश्ता दिया जाता है। हमेशा की तरह, स्टूडेंट्स ने बुधवार को रात खाना खाया और सो गए।
इसके बाद गुरुवार को सुबह दो-तीन स्टूडेंट्स को पेट दर्द और उल्टी होने लगी और उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। लेकिन इसके कुछ देर बाद नर्सिंग कॉलेज के 45 स्टूडेंट्स को भी यही दिक्कत होने लगी। इसलिए, इन सभी स्टूडेंट्स को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और इलाज शुरू किया गया है। सरकारी मेडिकल कॉलेज के डीन कुसुमाकर घोरपड़े ने बताया है कि इन सभी स्टूडेंट्स की हालत अभी खतरे में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

