home page

अंधेरी के होटल में 40 लाख रुपये सहित दो महिलाएं गिरफ्तार, ड्रग्स तस्कर फरार

 | 

मुंबई, 02 नवंबर (हि.स.)। अंधेरी ईस्ट में एयरपोर्ट के पास स्थित एक फाइव-स्टार होटल में सहार पुलिस ने 40 लाख रुपये सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मौके से ड्रग्स तस्कर फारूक हमीद शेख उर्फ फारूक बटाटा फरार हो गया है। इस मामले की छानबीन सहार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पनवेल इलाके के कुख्यात ड्रग्स तस्कर फारुख शेख के अंधेरी स्थित होटल में छिपे होने की जानाकरी सहार पुलिस को मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर बीती रात होटल पर पुलिस ने छापा मारा। लेकिन ड्रग तस्कर पहले ही होटल से फरार हो गया था, जबकि दो महिलाएं होटल के कमरे में मौजूद थीं। होटल के कमरे की तलाशी के दौरान 40 लाख रुपये नकद मिले। वहां मौजूद दोनों महिलाओं ने पुलिस को बताया कि यह रकम फारूक की है। पुलिस ने नकद रुपये सहित दोनों महिलाओं तैयबा मोहम्मद फारूक शेख और परवीन मोहम्मद फारूख शेख को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की गहन पड़ताल कर रही है, साथ ही फारुख शेख की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव