विरार के अरनाला बीच पर चार युवक डूबे, दो बचाए गए, दो की तलाश जारी
मुंबई, 16 जुलाई (हि.स.)। पालघर जिले में स्थित विरार में अर्नाला बीच पर गुरुवार को दोपहर में चार युवक अचानक डूब गए। लेकिन यहां तैनात लाईफगार्डों ने कुछ देर बाद दो युवकों को बचा लिया, जबकि दो की तलाश खबर लिखे जाने तक जारी थी। मौके पर दोनों युवकों की तलाशी जारी है और विरार पुलिस इस घटना की छानबीन कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि नालासोपारा वेस्ट के सखर मोहल्ला, नयायत नगर और बुरहान चौक के रहने वाले चार युवक आज दोपहर में अरनाला बीच में पर गए थेे। समुद्र में लहरें तेज होने के बावजूद, ग्रुप पानी में उतर गया और तेज बहाव में बह गया। अर्नाला बीच पर तैनात लाइफगाड्र्स ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और मोहम्मद अब्दुल हसमुद्दीन शेख (19) और साद अख्तर खान (16) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, शोएब खान (17) और अयान मंडल (19) बह गए और अभी भी लापता हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही अरनाला पुलिस, कोस्ट गार्ड के जवान और वसई-विरार नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया। लेकिन , गुरुवार देर रात तक दोनों युवकों का पता नहीं चल सका।
वसई विरा नगर निगम के मुख्य फायर स्टेशन के अधिकारी किशोर पाटिल ने कहा, समुद्र में लहरें बहुत तेज थीं और युवक पानी की गहराई और बहाव की ताकत का अंदाजा नहीं लगा पाए। उन्होंने कहा कि हाई टाइड (समुद्र में पानी का स्तर बढऩा) के कारण तलाशी अभियान में मुश्किल आ रही थी। लेकिन तलाशी अभियान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

