home page

साकीनाका में खुली गटर में गिरने से एक की मौत मामले में चार मनपा कर्मी निलंबित

 | 

मुंबई, 02 जुलाई (हि.स.)। साकीनाका इलाके में स्थित खैरानी रोड पर गुरुवार को दोपहर में खुली गटर में गिरने से एक व्यक्ति की मौत के बाद मुंबई नगर निगम ने चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। महापौर रीतू तावड़े ने इस मामले में मानव वध का मामला दर्ज किए जाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।

मुंबई नगर निगम की महापौर रीतू तावड़े ने बताया कि आज खैरानी रोड इलाके में स्थित गटर पर काम चल रहा था। इसी इलाके में रहने वाले असलम शेख (५५) वहां से गुजर रहे थे। अचानक शेख गटर में गिर गए। इस घटना में गटर से निकालकर शेख को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने शेख को मृत घोषित कर दिया। महापौर ने बताया कि इस घटना के लिए विभाग अधिकारी धनाजी हेर्लेकर सहित चार नगर निगम कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मृतक के परिवार को १० लाख रुपये की आर्थिक देने की सिफारिश मुंबई नगर निगम से की है। इस घटना की गहन छानबीन की जा रही है और इन चारों पर मानव वध का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। महापौर ने कहा कि किसी भी कीमत पर दोषी अधिकारियों को बक्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव