मुंबई महानगर क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं: फडणवीस
मुंबई, 07 अगस्त, (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र और उसके आसपास के क्षेत्रों में देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख विकास केंद्र बनने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ की गई नई साझेदारी से 'तीसरी मुंबई' (मुंबई 3.0) के विकास को नई गति मिलेगी।
सह्याद्री अतिथि गृह में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आज मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण और सिंगापुर की टेमासेक, सुरबाना जुरोंग तथा मैपलट्री के बीच एक समझौता पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि नीति आयोग ने मुंबई महानगर क्षेत्र में लगभग 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था विकसित करने की क्षमता बताई है। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मुंबई महानगर रिजन (एमएमआर) के नियोजित, टिकाऊ और विश्वस्तरीय विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ साझेदारी की पहल की है। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अटल सेतु और एमएमआर में तेजी से विकसित हो रही आधारभूत संरचना के कारण रायगढ़ क्षेत्र विकास का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। ऐसे में सिंगापुर की प्रतिष्ठित संस्थाओं और वैश्विक निवेशकों के साथ हुए समझौते रायगढ़-पेन ग्रोथ सेंटर तथा 'थर्ड मुंबई' परियोजना के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विकास योजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं। आधारभूत संरचना परियोजनाओं के तेजी से आगे बढऩे के साथ देश और विदेश के निवेशकों का महाराष्ट्र पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी नियोजन, आधारभूत संरचना और विश्वस्तरीय शहरों के विकास में सिंगापुर का अनुभव महाराष्ट्र के लिए लाभदायक रहेगा। फडणवीस ने कहा कि भविष्य में एमएमआर के विस्तार के साथ 'थर्ड मुंबई' और 'फोर्थ मुंबई' जैसे नए विकास केंद्र विकसित होंगे। सरकार का लक्ष्य नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अटल सेतु, रायगढ़-पेन ग्रोथ सेंटर और प्रस्तावित विकास केंद्रों को जोडक़र आर्थिक गतिविधियों का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है। इससे नियोजित शहरी विस्तार, रोजगार के नए अवसर, निवेश, उद्योगों की स्थापना और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव लोकेश चंद्र, प्रधान सचिव श्रीकर परदेशी, महानगर आयुक्त संजय मुखर्जी, अतिरिक्त आयुक्त एवं रायगढ़-पेन ग्रोथ सेंटर के अध्यक्ष पी. वेलारासु, टेमासेक के चेयरमैन पीयूष गुप्ता, टेमासेक पोर्टफोलियो डेवलपमेंट (एशिया ऑपरेशंस) के प्रमुख दिनेश खन्ना, सुरबाना जुरोंग के प्रमुख अविनाश मिश्रा, मैपलट्री के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अजय कुमार सिंह, रायगढ़-पेन ग्रोथ सेंटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वैभव मित्तल, निदेशक के. वी. ब्रह्माजी राव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

