कल्याण में 34 करोड़ रुपये की हेरोइन ज़ब्त, पांच आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 22 मई (हि.स.)। एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनसी) की टीम ने कल्याण में 34 करोड़ 18 लाख 84 हज़ार रुपये कीमत की 9 किलो 768 ग्राम हेरोइन ज़ब्त की और पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन एएनसी की टीम कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड के अधिकारी और कर्मचारी महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन की सीमा में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी समय कल्याण वेस्ट में सांगलेवाड़ी श्मशान घाट के पास दो संदिग्ध लोग दिखे। उनकी हरकतें संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन दोनों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान कासिम अब्दुल सत्तार वसईकर और कृष्ण नागप्पा हलेमानी के पास से 9 किलो 236 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। जब्त किए गए सामान की कीमत करीब 32 करोड़ 32 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपितों के पास से 39 हजार रुपये कैश भी जब्त किया गया। इस मामले में महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। आगे की जांच के दौरान कासिम वसईकर के घर की तलाशी लेने पर 531.69 ग्राम हेरोइन और जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए सामान की कीमत करीब 1 करोड़ 85 लाख 85 हजार रुपये है। पूरी जांच के दौरान पता चला कि इस रैकेट का मुख्य मास्टरमाइंड अमजद यूसुफ पठान है। पता चला है कि अमजद पठान कल्याण और नासिक इलाकों में ड्रग्स सप्लाई करता है। जांच में पता चला कि वह गणेशन पुथुस्वामी जंगमार उर्फ अन्ना को हेरोइन सप्लाई करता था। साथ ही कासिम वसईकर और सद्दाम गफूर शेख उसके लिए ड्रग्स बेचने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने इस मामले में 5 अप्रैल को गणेशन जंगमार, 6 अप्रैल को सद्दाम शेख और 21 मई, 2026 को मुख्य आरोपित अमजद पठान को गिरफ्तार किया। कल्याण सत्र अदालत ने अमजद पठान को 1 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस ऑपरेशन में कुल 9 किलो 768 ग्राम हेरोइन ज़ब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 34 करोड़ 18 लाख 84 हज़ार रुपये है। मामले की आगे की जांच चल रही है और पुलिस इस रैकेट में शामिल दूसरे आरोपितों का पता लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

