कांदिवली में 3.28 करोड़ की हेरोइन जब्त, दो गिरफ्तार
मुंबई, 21 अगस्त (हि.स.)। कांदिवली के खजुरिया रोड स्थित एक गार्डेन के पास मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस ने करीब 3.25 करोड़ रुपये की से 651 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को खजुरिया रोड पर स्थित गार्डेन के पास ड्रग सहित आरोपितों के आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम संबंधित जगह पर गुरुवार शाम को निगरानी कर रही थी। जैसे ही मौके पर दो आरोपित सशंयित अवस्था में दिखे , पुलिस ने दोनों को रोक कर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 651 ग्राम हेरोइन के अलावा 2.10 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया।
जब्त किए गए ड्रग्स, नकदी और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 3.28 करोड़ रुपये बताई गई है। शुरुआती जांच में दोनों आरोपियों के कथित तौर पर अंतर-राज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब हेरोइन के स्रोत का पता लगाने के साथ ही तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

