पुणे में आर्थिक तंगी से एक ही परिवार के तीन लोगों ने की आत्महत्या
मुंबई, 02 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले में आर्थिक तंगी से परेशान एक ही परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या कर लिया है। घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट में लिखा गया है, इस घटना के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए। इस मामले की छानबीन संत तुकाराम नगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान विनोद पिल्लै (50), उनकी पत्नी सिरजा पिल्लै (45) और बेटी पूर्णिमा पिल्लै (19) के रुप में की गई है। विनोद पिल्ले अपनी पत्नी और बेटी सहित के पिंपरी-चिंचवड़ शहर स्थित मोरवाड़ी इलाके की करिश्मा ग्लोरी सोसायटी के कमरा नंबर 21 में रहते थे। 01 अगस्त को विनोद पिल्लै के घर का दरवाजा देर तक न खुलने से पड़ोसियों को शक हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। इसी आधार पर पुलिस जब मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खोला गया तो विनोद पिल्लै का शव घर में मृतावस्था में मिला, जबकि उनकी पत्नी और बेटी अचेत अवस्था में मिलीं। दोनों को तत्काल वाईसीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में संत तुकाराम नगर पुलिस को आशंका है कि तीनों ने जहरीला पदार्थ सेवन किया था। मौके से विनोद पिल्लै द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में लिखा है, हमारी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
अब तक की छानबीन में पता चला है कि विनोद पिल्लै वर्ष 2024 तक एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनकी पत्नी सिरजा पिल्लै मोरवाड़ी के एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल में नौकरी करती थीं, जबकि उनकी बेटी पूर्णिमा पिंपरी-चिंचवड़ के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही थी। लेकिन इस समय पति और पत्नी दोनों बेरोजगार थे। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आर्थिक तंगी को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

