मुंबई की एसी लोकल ट्रेन में कूलिंग सिस्टम फेल होने से तीन यात्री बेहोश
मुंबई, 13 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के मुलुंड स्टेशन पर एसी (वातानुकूलित) लोकल ट्रेन में सोमवार को अचानक कुलिंग सिस्टम फेल हो जाने से तीन यात्री बेहोश हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही तीनों बेहोश यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता स्वप्रिल नीला ने बताया कि आज सुबह की भीड़ के समय मुलुंड स्टेशन पर एक एसी ट्रेन के रुकने के दौरान लोकल में लगा एसी सिस्टम फेल हो गया, जिससे यात्री लगभग 15 मिनट तक बिना वेंटिलेशन के बंद कोच में फंसे रहे। इससे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत हुई और तीन यात्री बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोकल को खाली करवाकर कारशेड में भेज दिया गया। इस घटना में जिन तीन यात्रियों को तकलीफ हुई थी, उन्हें नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें से दो को प्राथमिक इलाज के बाद उनके घर भेज दिया गया जबकि एक यात्री फहीम अंसारी का इलाज अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 2018 में, बोरीवली-चर्चगेट एसी लोकल में एयर-कंडीशनिंग की खराबी के कारण यात्रियों को बहुत पसीना आया और दम घुटने की शिकायत हुई। वेस्टर्न रेलवे ने तब इस समस्या के लिए तकनीकी खराबी को जिम्मेदार ठहराया था और ट्रेन की मरम्मत का काम किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

