नांदेड़ में तीन हत्या आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 21 अगस्त (हि.स.)। नांदेड़ जिले के लाडगा शिवारा में पुरानी रंजिश को लेकर एक वृद्ध की हत्या करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की छानबीन मुखेड़ पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
नांदेड़ जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. नीलाभ रोहन ने शुक्रवार को बताया कि कुछ दिन पहले किशन राजकुमार जोगदंड (22) के खिलाफ मुखड़े पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसी रंजिश को ध्यान में रखते हुए 20 अगस्त को रात करीब 11 बजे किशन जोगदंड ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के पिता बाबू पुंडलिक गायकवाड़ (60) पर लाडगा शिवारा के एक खेत में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
इसके बाद आरोपितों ने शिकायतकर्ता की मां पर भी चाकू से हमला किया और उन्हें जान से मारने की कोशिश की। इस मामले में मुखेड़ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। इसके बाद लोकल क्राइम ब्रांच और मुखेड़ पुलिस ने टेक्निकल जानकारी के आधार पर आरोपियों की मूवमेंट का पता लगाया। अलग-अलग जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों किशन राजकुमार जोगदंड, सोहम सुंदरसिंह ब्यास उर्फ सोन्या और मंगेश निवृत्ति लिंगे को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

