home page

ठाणे जिले में तीन घर गिरने से एक की मौत, चार घायल

 | 

मुंबई, 11 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शनिवार को तीन अलग-अलग जगहों पर तीन घर गिरने से एक शख्स की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। चारों घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में हो रहा है। तीनों घटनाओं की छानबीन स्थानीय पुलिस कर रही है।

ठाणे नगर निगम के प्रवक्ता ने बताया कि आज दोपहर में घोड़बंदर के आज़ादनगर में मद्रास चॉल में दो घर अचानक गिर गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और घरों में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित मलवे निकालकर नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जयकुमार जायसवाल (12) को मृत घोषित कर दिया जबकि उर्मिला जायसवाल (35), विनीत जायसवाल (9) घायल हैं। दोनों घायलों का टाइटन अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इसी तरह ठाणे के खंडूपाड़ा इलाके में एक मंजिला घर की छत आज सुबह करीब 8 बजे गिर गई। अच्छी बात ये रही कि इस घटना में बड़ी जान-माल की क्षति टल गई और एक व्यक्ति को हल्की चोट आई। घायल व्यक्ति का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है। नवी मुंबई सीवुड्स के सेक्टर 48 में साईं प्रसाद सोसाइटी में एक घर की छत का एक हिस्सा अचानक गिरने से सुरेश सालुंखे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि इस घटना में जान-माल की क्षति टल गई, लेकिन इस हादसे ने इमारतों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद, इलाके के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों घटनाओं की गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव