यवतमाल के टाकली झील में डूबने से तीन छात्रों की मौत
मुंबई, 17 अगस्त (हि.स.)। यवतमाल जिले के टाकली झील में सोमवार शाम को तैरने गए जाजू कॉलेज के तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई। तीनों छात्र बीएससी कंप्यूटर कोर्स के प्रथम वर्ष में पढ़ रहे थे। रेस्क्यू टीम ने करीब साढ़े तीन घंटे की तलाश के बाद शाम 7.30 बजे तीनों के शव बरामद किए। इस मामले की छानबीन यवतमाल पुलिस कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान पीयूष विनोद यादव (19), प्रथमेश सुनील यादव (19), दोनों निवासी पिंपलगांव और प्रसाद नितिन सातपुते (19), निवासी बोरगांवपुंजी, तहसील आर्णी के रूप में हुई। पीयूष और प्रथमेश चचेरे भाई थे, जबकि प्रसाद पढ़ाई के लिए यवतमाल आया था। तीनों छात्र सोमवार दोपहर करीब 3 बजे दोपहिया वाहन से टाकली झील क्षेत्र में पहुंचे थे। वहां फोटो शूट करने के बाद वे तैरने के लिए झील में उतर गए। इसी दौरान पानी की गहराई और जलस्तर बढऩे के कारण तीनों डूब गए। उनके कॉलेज बैग, कपड़े और चप्पलें झील के किनारे मिलीं। तीनों के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर टाकली के ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण पुलिस, राजस्व विभाग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। तीनों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। शव मिलने के बाद पुलिस ने तीनों बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

