home page

गढ़चिरौली में सती नदी में डूबने से तीन छात्रों की मौत

 | 

मुंबई, 01 अगस्त , (हि.स.)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की कुरखेड़ा तहसील के रानी खेड़ेगांव स्थित सती नदी में शनिवार दोपहर को नहाने गए चार छात्रों में से तीन की डूबने से मौत हो गई जबकि एक छात्र को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुराडा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर तीनों छात्रों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि सभी छात्र गांव के जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय के छात्र थे। आज दोपहर में जब बच्चों के माता-पिता खेतों में धान रोपाई के काम में व्यस्त थे, उसी दौरान चार छात्र पास स्थित सती नदी में नहाने चले गए। नहाते समय उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और अचानक पानी के तेज बहाव में तीन छात्र डूब गए। इस घटना में लक्ष्मण सुन्हेर दूधकवर (6), कुणाल रमेश दूधकवर (5) और मोहित हिवराज सराटे (11) की नदी में डूबने से मौत हो गई। उनके साथ मौजूद चौथे छात्र को स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव