भांडुप में तीन फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
मुंबई, 22 सितंबर (हि.स.)। मुंबई पुलिस ने भांडुप इलाके में बिना वैध मेडिकल डिग्री और रजिस्ट्रेशन के मरीजों का इलाज करने वाले तीन फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। इन डॉक्टरों का क्लीनिक बंद करवा दिया गया है और मामले की गहन छानबीन जारी है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के पुलिस अधिकारी अनिल धोले ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि भांडुप वेस्ट में एलबीएस मार्ग स्थित ट्रिम मॉल के सामने ‘संतोष हेल्थ क्लीनिक’ और मुलुंड-गोरेगांव लिंक रोड स्थित ‘विनायक हेल्थ क्लीनिक’ में बिना वैध मेडिकल डिग्री और आधिकारिक रजिस्ट्रेशन के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और नगर निगम के हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने दोनों क्लीनिकों पर छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान शेख मोहम्मद अनवर मोहम्मद असलम (34), मोहम्मद नबी हुसैन मोहम्मद फरीद शेख और इमरान अब्दुल जब्बार खान (80) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपितों में से एक ने केवल पांचवीं कक्षा तक, जबकि दूसरे ने 12वीं तक पढ़ाई की है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों के पास मरीजों का इलाज करने के लिए आवश्यक वैध मेडिकल योग्यता और आधिकारिक रजिस्ट्रेशन नहीं था। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

