home page

अहिल्यानगर में अधिक पैसों का लालच देकर ठगी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 30 सितंबर (हि.स.)। अहिल्या नगर जिले में पैसों की बारिश के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन तीनों के पास से 1 करोड़ 3 लाख 74 हजार रुपये की नकदी बरामद की है, जिसमें करीब 92 लाख रुपये के नकली नोट हैं। इस मामले की छानबीन एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गणेश दिलीप शेवाले (33), सुमित विकास चंदनशिवे (25) और सूरज वसंत कांबले (27), सभी बारामती निवासी, के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली थी कि गणेश शेवाले नकली नोट लेकर अहिल्यानगर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र में लेन-देन करने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में उसके घर पर छापा मारा। घर की सीढिय़ों के नीचे रखे बैग की तलाशी लेने पर नकली नोटों का बड़ा स्टॉक और नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले कोरे कागजों के बंडल बरामद हुए, इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी बताए। पुलिस के अनुसार, प्रताप धूमल (बोल्हेगांव, अहिल्यानगर) और अशोक भीमराज दारकुंडे (गजानन कॉलोनी, अहिल्यानगर) फरार हैं। मालेगांव, नासिक निवासी अम्मू के भी मामले में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इनकी तलाश कर रही है। अब तक की जांच में सामने आया कि आरोपित लोगों को ‘पैसों की बारिश’ कराने का झांसा देकर उनसे रकम ऐंठते थे और ठगी में नकली नोटों का इस्तेमाल करते थे। मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर संतोष मुटकुले की टीम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव