महाराष्ट्र में 282 पूर्व अग्निवीरों की पुलिस कांस्टेबल पद पर नियुक्ति
मुंबई, 23 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने पूर्व अग्निवीरों को सरकारी सेवा में शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 282 पूर्व अग्निवीरों को पुलिस कांस्टेबल के पद पर नियुक्ति दी गई है।
सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति के औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन सभी पूर्व अग्निवीरों को उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इस फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने देश की सेवा करने वाले अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने का निर्णय लिया था। इसके तहत आवश्यक नियमों में संशोधन किया गया और 282 अग्निवीरों की पुलिस विभाग में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से महाराष्ट्र के मूल निवासी 282 नौसैनिक अग्निवीरों की सूची राज्य सरकार को प्राप्त हुई थी। इसके बाद सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए गए। इनमें 150 सेलर डेकसाइड पुलिस कांस्टेबल के पद पर और 132 सेलर इंजनसाइड पुलिस कांस्टेबल के पद पर नियुक्ति की गई है। इस तरह कुल 282 पूर्व अग्निवीर महाराष्ट्र पुलिस में अपनी सेवाएं देंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया था। इसके तहत वे ग्रुप क के अंतर्गत आने वाले वर्दीधारी सेवा पदों पर नियुक्ति के पात्र होंगे। यह नीति सशस्त्र बलों में चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सेवा से बाहर होने वाले अग्निवीरों को सरकारी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के इस कदम से सैन्य सेवा का अनुभव रखने वाले युवाओं को नागरिक सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

