चेंबूर और देवनार में २७ अवैध गैस सिलेंडर बरामद, ४ गिरफ्तार
मुंबई, 19 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई के चेंबूर और देवनार में दो अलग -अलग जगहों पर डोमिनो पिज्जा सेंटर में खाद्यान्न विभाग की सतर्कताटीम ने छापा मारकर २७ अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, मामले की छानबीन जारी है।
खाद्यान्न विभाग के मुख्य नियंत्रक चंद्रकांत डांगे ने रविवार को बताया कि उनकी सतर्कताटीम को चेंबूर और देवनार में डोमिनो पिज्जा सेंटर में अवैध तरीके सेरसोई गैस का इस्तेमाल किए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर सतर्कता टीम ने दो अलग- अलग टीमों का गठन कर शनिवार रात को छापा मारा गया।
इसके तहत बीती रात खाद्यान्न विभाग की पहली कार्रवाई चेंबूर इलाके में पेस्टमसागर रोड पर विश्वसंगम टावर में डोमिनोज़ पिज़्ज़ा सेंटर में की गई। यहां जांच के दौरान पाया गया कि कुल 8 एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से प्राप्त कर बिना बिल के उपयोग किए जा रहे थे। इस मामले में करीब 25,970 रुपये का माल जब्त कर दो आरोपियों के खिलाफ तिलकनगर (चेंबूर) पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इन दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
इसी तरह देवनार क्षेत्र के अर्जुन सेंटर में डोमिनोज पिज्जा सेंटर पर भी बीती रात छापा मारा गया। यहां कुल 19 अवैध एलपीजी सिलेंडर बिना बिल के उपयोग किए जाते पाए गए। घटनास्थल पर करीब 49,117 रुपये का सामान ज़ब्त किया गया है और दो आरोपियों के खिलाफ गोवंडी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों मामलों की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

