गैस कनेक्शन कांटने के नाम पर 26.43 लाख रुपये की ठगी, मामला दर्ज
मुंबई, 13 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई में गैस कनेक्शन कांटने के नाम पर पिछले चार दिनों में, विले पार्ले और वडाला इलाके में चार ग्राहकों से 26.43 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुंबई साइबर क्राइम ब्रांच इन मामलों की जांच कर रही है।
मुंबई साइबर क्राइम विभाग के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इन चारों मामलों में गैस वितरण कंपनी के अधिकारी बन कर पीडि़त ग्राहकों से संपर्क किया गया था। इसके बाद जालसाजी करने वाले ने पीडि़तों को बताया कि उनका गैस बिल बकाया है और उन्हें धमकी दी गई कि उनका गैस कनेक्शन तुरंत काट दिया जाएगा। कनेक्शन बचाने के लिए, ग्राहकों से पहले 10 से 20 रुपये की छोटी सी रकम चुकाने को कहा गया। इसके बाद, ग्राहकों को महानगर एपीके नाम की एक फ़ाइल डाउनलोड करने का निर्देश दिया गया। जैसे ही पीडि़तों ने उस फ़ाइल को डाउनलोड किया साइबर अपराधियों को उसके मोबाइल डिवाइस का एक्सेस मिल गया और अपराधियों ने सीधे उसके बैंक खातों से पैसे निकाल लिए हैं।
इस तरह की धोखाधड़ी की घटनाओं के बाद गैस वितरण कंपनी ने ग्राहकों से आग्रह किया है कि वे ऐसी धोखाधड़ी वाली कॉल्स के प्रति सतर्क और सावधान रहें। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह कभी भी ग्राहकों से किसी भी एप्लिकेशन या एपीके फ़ाइल को अनौपचारिक लिंक्स के ज़रिए डाउनलोड करने के लिए नहीं कहती है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे किसी भी संदेश या कॉल की पुष्टि आधिकारिक कस्टमर केयर नंबरों के ज़रिए करें और साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने से बचने के लिए संदिग्ध कॉल्स की सूचना तुरंत दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

