मुंबई एयरपोर्ट पर 37.74 करोड़ रुपये का सोना जब्त, 24 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार
मुंबई, 10 अप्रैल (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर 37.74 करोड़ रुपये का 29.37 किलोग्राम सोना ज़ब्त किया है। इस मामले में 24 विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले की छानबीन कर रहे अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि केनिया के नैरोबी से विदेशी महिलाओं का ग्रुप सोने सहित मुंबई एयरपोर्ट पर आने की गोपनीय जानकारी मुंबई डीआरआई टीम को मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर डीआरआई की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर 'ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज़' चलाया। इसी ऑपरेशन के तहत नैरोबी से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरीं 24 विदेशी नागरिकों को रोका गया। इसके बाद इन महिलाओं ने डीआरआई की कार्रवाई का विरोध किया, जिससे डीआरआई की टीम ने एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षारक्षकों को बुलाया और महिलाओं के बैग और कपड़ों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान इन महिलाओं के सामान से 25.1 किलोग्राम सोने की छड़ें और 4.27 किलोग्राम सोने के गहने बरामद किए गए। इन महिलाओं को सोना छिपाने और जांच से बचने के लिए खास ट्रेनिंग दी गई थी। इन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है और इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

