home page

महाराष्ट्र में एक साल में 2376 बांग्लादेशियों को डिपोर्ट किया गया

 | 

मुंबई, 28 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने शनिवार को विधानपरिषद में बताया कि पिछले साल में 2376 बांग्लादेशियों को डिपोर्ट किया गया है। राज्य सरकार ने इस मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस का रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

गृह राज्य मंत्री योगेश कदम विधान परिषद में सदस्य प्रवीण दरेकर की ओर से बांग्लादेशियों को डिपोर्ट संबंधी मुद्दे का जवाब दे रहे थे। गृह राज्य मंत्री ने कहा राज्य में केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, राज्य में इंटेलिजेंस पर आधारित जॉइंट ऑपरेशन चलाया जा रहा है और हर पुलिस स्टेशन में पांच कर्मियों की एक स्पेशल टीम नियुक्त की गई है। साथ ही लोकल पुलिस के साथ मिलकर रेगुलर चेकिंग और रेड की जा रही है।

योगेश कदम ने बताया कि 2021 में 109, 2022 में 77, 2023 में 127, 2024 में 202 और 2025 में कुल 2376 गैर-कानूनी बांग्लादेशियों को डिपोर्ट किया गया। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र एक साल में दो हजार से ज़्यादा लोगों को डिपोर्ट करके देश में सबसे आगे है। केंद्र सरकार के नए सर्कुलर के मुताबिक, सबूतों की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों को बिना केस दर्ज किए सीधे बार्डर सिक्युरिटी फोर्स को सौंपने का प्रोसेस शुरू हो गया है, जिससे एक्शन में और तेज़ी आई है।

राज्य में पहली बार डिटेंशन सेंटर बनाने के लिए 20 करोड़ रुपये का फंड मंज़ूर किया गया है और टेंडर प्रोसेस पूरा हो गया है। कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले मज़दूरों की जानकारी संबंधित पुलिस स्टेशन में जमा करना ज़रूरी कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है। इसके अलावा, नगर निगम और पुलिस विभाग मिलकर फेरीवालों के डॉक्यूमेंट्स वेरिफाई कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव