गोरेगांव में पानी की टंकी में डूबने से दो छात्रों की मौत
मुंबई, 21 अगस्त (हि.स.)। मुंबई के गोरेगांव इलाके में आरे कॉलोनी के गौतम नगर में शुक्रवार को मवेशियों के बाड़े में बनी पानी की टंकी में डूबने से दो छात्रों की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही आरे रोड पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । इस घटना की गहन छानबीन पुलिस कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान ज़ैब पटेल (15) और नखीब पटेल (13) के रूप में हुई है। ज़ैब कक्षा 10 और नखीब कक्षा 9 में पढ़ता था। दोनों जोगेश्वरी गुंफा इंग्लिश मीडियम सेकेंडरी स्कूल में पढ़ते थे। आज दोनों घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन आरे रोड में चले गए और गौतम नगर में मवेशियों के बाड़े में बनी पानी टंकी में स्नान करने लगे। इसी दौरान दोनों टंकी में डूब गए। इन दोनों की डूबने की जानकारी मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और दोनों को निकालकर ट्रामा केयर अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जांच पुलिस हर ऐंगल से कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

