home page

ठाणे के जोगीला तालाब में दो बच्चियों के शव मिले, इलाके में सनसनी

 | 

मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। ठाणे शहर के उथलसर इलाके में स्थित जोगीला तालाब में शुक्रवार को दो बच्चियों का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राबोड़ी पुलिस ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की सघन छानबीन जारी है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि मृतक बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय गंगा उदय कामी और 4 वर्षीय आशा गणेश कामी के रूप में हुई है। दोनों आंबेडकर रोड स्थित लॉरीस्टैंड चाल की रहने वाली थीं और पिछले दो दिनों से लापता थीं। आज सुबह करीब 11 बजे उथलसर वार्ड समिति कार्यालय के पास स्थित जोगीला तालाब में दोनों बच्चियों के शव होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही ठाणे पुलिस, नगरनिगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान के बाद दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राबोडी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों बच्चियां तालाब तक कैसे पहुंचीं और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव