home page

सीएसएमटी स्टेशन पर एक ही प्लेटफॉर्म पर दो लोकल ट्रेन आईं आमने-सामने, बड़ा हादसा टला

 | 

मुंबई, 21 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई के सीएसएमटी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को दोपहर में एक ही प्लेटफार्म पर एक ही ट्रैक पर दो लोकल आमने-सामने आ गईं। लेकिन मोटरमैन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया । इस घटना से मध्य रेलवे की सेवा प्रभावित हो गई हैं।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि सीएसएमटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक पर पहले से ही एक लोकल ट्रेन खड़ी थी। उसी समय सीएसएमटी रेलवे स्टेशन की ओर आ रही एक अन्य लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बजाय प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर जाने का सिग्नल दे दिया गया। स्वप्निल ने कहा, इसके चलते ट्रेन गलत रूट पर चली गई और प्लेटफॉर्म पर पहले से मौजूद एक दूसरी लोकल ट्रेन से करीब 270 मीटर की दूरी पर मोटरमैन की सतर्कता की वजह से जाकर रुक गई।

इस घटना के बाद सीएसएमटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया और बाद में सिग्नल बदल कर प्लेटफार्म क्रमांक पांच पर पहुंच गई लोकल ट्रेन को वापस लिया गया और उसे प्लेटफार्म क्रमांक चार पर लाया गया, जिससे मेन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। लोकल ट्रेन को वापस सही रूट पर लाने के बाद सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।

इस वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हुई और कई ट्रेनें देरी से चल रही थीं। शुरुआती अनुमान है कि इस घटना के पीछे कोई तकनीकी खराबी है। इसकी छानबीन की जा रही है। उन्होंने यात्रियों को सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव