यवतमाल के बोरगांव जलाशय में फार्मेसी की दो छात्राओं की डूबने से मौत
मुंबई, 15 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में बोरगांव जलाशय में पर्यटन के लिए आई फार्मेसी की दो छात्राओं की डूबने से मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही यवतमाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों छात्राओं का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की छानबीन जारी है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान यवतमाल के वाधवानी कॉलेज ऑफ फार्मेसी की छात्रा अमृता अशोक खेदकर (20) और मोहिनी गौत्रे (20) के रूप में की गई है। अमृता धमनगांव रोड स्थित महात्मा फुले कॉलेज के सामने रहती थीं, जबकि मोहिनी बोसा रोड की निवासी थीं।
पुलिस के अनुसार दोनों छात्राएं कुछ सहपाठियों के साथ बोरगांव बांध क्षेत्र में मॉनसून के नजारों का आनंद लेने शुक्रवार शाम को गई थीं। जलाशय के किनारे खड़े होने के दौरान अमृता का पैर गीले और फिसलन भरे किनारे पर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरीं। उन्हें बचाने के प्रयास में मोहिनी भी पानी में चली गई थी, जिससे दोनों जलाशय में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे , लेकिन शुक्रवार को देर हो जाने से राहत और बचाव कार्य रोक दिया गया था। शनिवार को सुबह गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया और दोनों छात्राओं के शव पानी से बाहर निकाले गए। दोनों की डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना की छानबीन हर पहलू से की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

