गोवंडी में दो फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
मुंबई, 03 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के गोवंडी में पुलिस ने शुक्रवार को दो फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन की टीम इन दोनों फर्जी डॉक्टरों से पूछताछ कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोवंडी में बिना उचित शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के क्लिनिक चलाने की शिकायत मिली हुई थी। इसके बाद इस बारे में गोपनीय तरीके से तहकीकात की गई। इसके बाद मुंबई नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी के साथ गोवंडी में दोनों डॉक्टरों की क्लीनिक पर छापा मारा गया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों की पहचान राजीव कपिलदेव रंजन (34) और कुबेरनाथ गोमती यादव (56) के रूप में की गई है। इन दोनों के विरुद्ध शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट, 1961 की धारा 33 और 36 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

