दहिसर में खदान में डूबने से दो युवकों की मौत
मुंबई, 11 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के दहिसर इलाके में शनिवार को सुबह दो युवकों की एक खदान में डूबने से मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और दहिसर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव बरामद कर अस्पताल में भेज दिया है। इस घटना की छानबीन दहिसर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि दहिसर के ही रहने वाले पीयूष गुप्ता (19) और ओम अंकुश सिंह (19) आज सुबह केतकी पाड़ा इलाके में स्थित एक खदान में स्नान करने गए थे। खदान में पानी का अंदाज न होने की वजह से दोनों खदान में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, दोनों युवकों को बाहर निकाला और शताब्दी हॉस्पिटल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

