कालाचौकी में महा गणपति मंडप के पास करंट लगने से 2 की मौत, 4 घायल
मुंबई, 20 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के कालाचौकी के दत्ताराम लाड मार्ग पर महा गणपति मंडप के पास रविवार को तडक़े अचानक करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। इस घटना की छानबीन कालाचौकी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को छुट्टी का दिन होने से भगवान गणेश का दर्शन पाने के लिए बीती रात से ही भक्तगण गणपति मंडलों के पास कतारबद्ध हुए थे। इसी तरह कालाचौकी में प्रतिस्थापित महा गणपति मंडल के पास भी बड़ी संख्या में गणेशभक्तों ने बीती रात से दर्शन के लिए कतार लगाई थी। आज तडक़े करीब 2.20 से 3 बजे के बीच महा गणपति मंडल के पास करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से पांच लोग गंभीर से घायल हो गए। इनमें से 8 वर्षीय रागिनी घनश्याम यादव और एक महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है।
महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जबकि किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरेश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रूही सिंह (12) का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण पूरे इलाके में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की अतिरिक्त सतर्कता बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

