धाराशिव जिले में नलदुर्ग किले से गिरकर मां -बेटे की मौत, दो बेटियां घायल
मुंबई, 03 सितंबर (हि.स.)। धाराशिव जिले के नलदुर्ग में स्थित नलदुर्ग ऐतिहासिक किले के उपली टावर से गुरुवार को दोपहर में गिरने से 28 वर्षीय महिला और उसके पांच वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो ढाई वर्षीय जुड़वां बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना की जानकारी मिलते ही धाराशिव पुलिस मौके पर पहुंची दोनों मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना में दोनों घायल बच्चियों का इलाज धाराशिव सरकारी अस्पताल में हो रहा है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर में निलंगा तहसील के अंबुलगा की रहने वाली अश्विनी मनोहर पॉल (28) अपने दो बेटियों और एक बेटे को नलदुर्ग का ऐतिहासिक किला दिखाने के लिए लाई थीं। इसी दौरान वह तीनों बच्चों के साथ किले के उपली टावर पर गईं। लेकिन अचानक चारों टावर से गिर गए। टावर से नीचे गिरने के कारण अश्विनी और उनके पांच वर्षीय बेटे अजिंक्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि ढाई वर्षीय जुड़वां बेटियां वीरा और क्रांति गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक रवींद्र गायकवाड़ और उनके सहयोगी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दोनों घायल बच्चियों को तत्काल उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सा अधिकारी श्रीमती बोडके ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए धाराशिव रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया गया है कि अश्विनी पिछले तीन महीनों से वंटल तहसील के उमरगा में अपने पिता तानाजी शिवाजी मोहिते के साथ रह रही थीं। उनके पति मनोहर पॉल मुंबई में रिक्शा चालक हैं। वहीं, अश्विनी के मुंबई मेट्रो पुलिस में है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

