home page

प्रधानमंत्री के फर्जी ग्रीटिंग कार्ड के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 06 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई एंटी-एक्सटॉर्शन स्क्वॉड ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से फर्जी ग्रीटिंग कार्ड भेजकर एक सोशल वर्कर से रंगदारी मांगने के आरोप में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों की पहचान तौसीफ हुसैन इस्माइल पटेल और सिद्धिनाथ दीनानाथ पांडे उर्फ सुनील के रुप में की गई है । इस मामले की छानबीन जारी है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामले में शिकायत करने वाली महिला एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और वह खुद की संस्था चलाती हैं। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि कुछ दिन पहले, उसकी पहचान तौसीफ और फरनाज वाडिया से हुई थी। इन दोनों ने शिकायतकर्ता को प्रधानमंत्री मोदी के नाम का ग्रीटिंग कार्ड देने का वादा किया था। इसके बाद इन दोनों ने शिकायतकर्ता को प्रधानमंत्री के नाम का फर्जी ग्रीटिंग कार्ड 20 मार्च को दिया था। इस पत्र में शिकायतकर्ता को प्रधानमंत्री ने जन्मदिन की बधाई दी थी और उसके सामाजिक कार्यों की सराहना की थी। लेकिन शिकायतकर्ता ने जब यह ग्रीटिंग कार्ड अपने कुछ साथियों को बताया कि तो उन लोगों ने बताया कि यह कार्ड फर्जी है।

इसी दौरान दोनों आरोपित शिकायतकर्ता से ग्रीटिंग कार्ड के ऐवज में चार लाख रुपये मांगना शुरु कर दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इस मामले को लेकर पुलिस से संपर्क किया और पुलिस ने वर्ली इलाके में स्थित एक होटल में जाल बिछाकर दोनों आरोपितों को रंगदारी की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इन दोनों ने इसी तरह प्रधानमंत्री के नाम पर कुछ और लोगों को भी नकली ग्रीटिंग कार्ड देकर उनसे पैसे लिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव